गुवा: नोवामुंडी क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक सड़क पर स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है. दिन-रात घूमते ये कुत्ते अक्सर आपस में लड़ते हुए नजर आते हैं, जिससे राहगीरों में डर और असुरक्षा का माहौल है.
शुक्रवार सुबह टाटा स्टील में कार्यरत ठेका कर्मी रोहित महापात्रा जब ड्यूटी के लिए अपने घर से निकले, तो स्टेट बैंक नोवामुंडी के पास अचानक दो आवारा कुत्तों की लड़ाई के बीच फंस गए. दोनों कुत्ते लड़ते-लड़ते उनके दुपहिया वाहन पर उछल पड़े. संतुलन बिगड़ने से रोहित बाइक से दूर जा गिरे और उनके दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई. घायल अवस्था में उन्हें टाटा स्टील अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण किया जाए और उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से हटाया जाए. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और समय रहते रोकथाम न होने पर बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं.
इसे भी पढ़ें : Saraikela: फाइलेरिया मुक्ति की ओर सरायकेला, 10 अगस्त से शुरू होगा सर्वजन दवा अभियान – जागरूकता रथ रवाना