गुवा: बड़ाजामदा पुलिस ने दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च चाईबासा पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के दिशा निर्देशन और थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव के नेतृत्व में निकली।
मार्च नगर के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्र, पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी तैयारियां पूरी की गई हैं।
थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और पंडालों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना और उन्हें निर्भय होकर पर्व मनाने का संदेश देना था। पुलिस जवानों की अनुशासित उपस्थिति और तत्परता ने फ्लैग मार्च को और प्रभावशाली बना दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इसे भी पढ़ें :
Chaibasa: छठवें दिन मां कात्यायनी की पूजा से भक्तिमय हुआ गुवा, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालु भीड़


















































