जमशेदपुर: बिस्टुपुर थाना क्षेत्र की मुख्य सड़क पर बीती रात लगभग 11 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। नटराज के सामने ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मारते हुए सड़क के डिवाइडर को तोड़ दिया। ट्रेलर चालक ने बताया कि अचानक ब्रेक फेल होने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर के कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए।
हादसे के समय सौभाग्य से कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। हालांकि, ट्रेलर के अगले हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही बिस्टुपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटाने का काम शुरू किया।
ट्रेलर हटाने के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवाजाही में परेशानी हुई। पुलिस ने ट्रेलर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य हो चुकी है और ट्रैफिक बहाल कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: बीणापानी ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आए युवक ने चुराई 1.5 लाख की चैन, CCTV में कैद हुई वारदात