नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलासा किया है कि पाकिस्तान सहित कई देश सक्रिय रूप से परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में अमेरिका के लिए भी अपने परमाणु परीक्षण दोबारा शुरू करना जरूरी हो गया है।
“बाकी देश कर रहे हैं, तो हमें भी करना होगा” — ट्रंप
अमेरिकी चैनल सीबीएस न्यूज के कार्यक्रम 60 मिनट्स में दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “रूस, चीन, उत्तर कोरिया और पाकिस्तान परमाणु परीक्षण कर रहे हैं। अमेरिका ही एकमात्र देश है जिसने परीक्षण रोक रखे हैं। हम खुले समाज में रहते हैं, इसलिए हमारे कदम सबको दिखते हैं। लेकिन जब बाकी देश परीक्षण कर रहे हैं, तो हमें भी करना होगा।”
रूस और चीन पर भी निशाना
ट्रंप ने कहा कि रूस हाल ही में उन्नत परमाणु-सक्षम हथियारों और तकनीकों का परीक्षण कर चुका है, जिनमें पोसाइडन अंडरवॉटर ड्रोन भी शामिल है।
उन्होंने कहा, “रूस और उत्तर कोरिया लगातार परीक्षण कर रहे हैं। चीन भी ऐसा ही कर रहा है। अगर वे सब परीक्षण कर रहे हैं तो अमेरिका क्यों रुका रहे?”
“हमारे पास दुनिया को 150 बार नष्ट करने जितने परमाणु हथियार”
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पास किसी भी देश से ज्यादा परमाणु हथियार हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से हथियार कम करने पर चर्चा की थी। ट्रंप ने कहा, “हमारे पास इतनी ताकत है कि हम दुनिया को 150 बार नष्ट कर सकते हैं।”
चीन के राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले किया था ऐलान
ट्रंप ने बीते हफ्ते अमेरिका के परमाणु परीक्षण दोबारा शुरू करने की घोषणा की थी। यह ऐलान उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से दक्षिण कोरिया में होने वाली मुलाकात से ठीक पहले किया। इस घोषणा के बाद माना जा रहा है कि आने वाले समय में अमेरिका, रूस और चीन के बीच तनाव बढ़ सकता है।
ट्रंप ने बताया कि परीक्षण की तैयारियां पहले से चल रही हैं, हालांकि उन्होंने समय और स्थान का खुलासा नहीं किया।
There is no ads to display, Please add some



















































