चाईबासा: जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पश्चिमी सिंहभूम ने कैफेटेरिया, चाईबासा में प्रेस वार्ता आयोजित की। कार्यक्रम का औपचारिक स्वागत जिला महामंत्री प्रताप कटिहार महतो ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ किया।
मुख्य वक्ता, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले 11 वर्षों में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा ही वह पार्टी है जिसने देश को पहली बार जनजातीय समाज से राष्ट्रपति दिया, झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाया और झारखंड व छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों में आदिवासी मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वन अधिकार अधिनियम, पेसा कानून, जनजातीय मंत्रालय का सशक्तिकरण और वनभूमि पट्टा वितरण जैसी योजनाओं ने आदिवासी समाज के हितों को मजबूत किया है।
पूर्व विधायक जवाहरलाल बांनरा ने कहा कि भाजपा देशभर में जनजातीय समुदाय के विकास और सम्मान के लिए कार्य कर रही है, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसी पार्टियां आदिवासियों को केवल वोट बैंक मानती हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो के दो कार्यकालों में आदिवासी समाज की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम में पुलिस अत्याचार, सदर अस्पताल में लापरवाही जिससे कई बच्चे एचआईवी पॉजिटिव हुए, और सारंडा रिजर्व वाइल्डलाइफ सेंचुरी के गठन से आदिवासियों के जीवन पर संकट खड़ा होने की बात उठाई।
दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा जनजातीय समाज के हक, अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा संघर्षरत है और उनकी हर जायज मांग के साथ खड़ी है। मोर्चा जिला अध्यक्ष तीरथ जमुदा ने बताया कि 13 और 14 नवंबर को जिले में स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की साफ-सफाई और माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा संध्या में दीपोत्सव मनाया जाएगा और नवंबर माह में आदिवासी पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा निकालकर भगवान बिरसा मुंडा को माल्यार्पण किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में अनिल बोदरा, चंद्र मोहन तियू, हरिचरण शांडिल, रवि बंकीरा, पवन शर्मा, राकेश पोद्दार, जगदीश निषाद, कामेश्वर विश्वकर्मा, रोहित दास, बिरजू रजक और पप्पू राय सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें :
Chaibasa: रोटरी क्लब चाईबासा आयोजित कर रहा 6 दिवसीय एक्यूप्रेशर चिकित्सा शिविर