जमशेदपुर: झारखंड शिक्षा परियोजना के समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2024-25 की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को जमशेदपुर प्रखंड के समावेशी शिक्षा केन्द्र, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, गोलमुरी के प्रांगण में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के दिव्यांग छात्र और छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अनीता सिन्हा ने किया। पुरुषोत्तम कुमार (फिजियोथैरेपीट) और डॉक्टर संजय कुमार (रिसोर्स शिक्षक) की देख-रेख में प्रतिभा कुमारी ने कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया।
इस प्रतियोगिता में कुल आठ प्रकार के खेल आयोजित किए गए, जिनमें 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, 20 मीटर एप्पल रेस, 30 मीटर एप्पल रेस, 8 मीटर बॉल थ्रो, 10 मीटर बॉल थ्रो आदि शामिल थे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड साधन सेवी नरेश कुमार, संकुल साधन सेवी संजय कुमार, रिसोर्स शिक्षक प्रतिभा कुमारी, संजय कुमार, सुनीता कश्यप, बूटा अर्चना, जमुना महतो एवं कई अभिभावक मौजूद थे।