सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के बिरसा चौक स्थित मुक्ति पोखर के पास मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जिलिंगबुरु गांव निवासी 35 वर्षीय राजू पूरती के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राजू पूरती मंगलवार शाम अपनी बाइक (JH05 BF-2665) से सरायकेला मुर्गा खरीदने आए थे। रात करीब 9 बजे जब वह घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क किनारे अंधेरे में एक ब्रेकडाउन हाइवा (JH05 DD-7503) खड़ा था। न तो उसके पीछे रेडियन लगा था और न ही कोई चेतावनी संकेतक। आशंका है कि अंधेरे के कारण राजू पूरती को खड़ा वाहन दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजू पूरती को सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिप अध्यक्ष ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सुरक्षा संकेत न लगाने को गंभीर लापरवाही बताया और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बाइक और हाइवा को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हाइवा चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद हादसे के सही कारण स्पष्ट होंगे।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: एमजीएम अस्पताल में स्क्रैप नीलामी से 35.50 लाख की आमदनी, निर्माण कार्य होगा तेज




















































