- आजादनगर नंबर 2 के पास पुलिस की त्वरित कार्रवाई, फर्जी नंबर की कार जब्त, चालक हिरासत में
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के आज़ादनगर नंबर 2 के पास देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कार से अमानवीय तरीके से ले जाई जा रही पांच गायों को जब्त किया। बताया गया कि कार संख्या जेएच 05सीसी 1300 में गायों को बेरहमी से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था और उन्हें तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही मानगो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधी रात को वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार के अंदर की स्थिति देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। मौके से वाहन चालक को हिरासत में ले लिया गया, जिससे तत्काल पूछताछ शुरू कर दी गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मनरेगा का नाम बदलकर ‘जी राम जी ग्रामीण योजना’ करना विकसित भारत की पहचान – जय प्रकाश पांडेय
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वाहन पर लगा पंजीकरण नंबर फर्जी है, जिससे गौ-तस्करी के किसी संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। बरामद की गई सभी गायों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है, जहां उनकी देखरेख और इलाज की व्यवस्था की गई है। पुलिस आरोपी चालक से सघन पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा जोरों पर है और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।