जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के निर्देश पर समर्थकों द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कदमा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. ठेकेदार को 72 सफाईकर्मियों की नियुक्ति करनी थी, लेकिन मौके पर केवल 54 कर्मी ही कार्यरत मिले. इस दौरान जेएनएसी के सिटी मैनेजर भी निरीक्षण दल के साथ थे, लेकिन वे इस गड़बड़ी का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सके.
ठेकेदारों को पूरा भुगतान, लेकिन कर्मी आधे!
विधायक सरयू राय ने कहा कि नगर निगम और अधिसूचित क्षेत्र समिति सफाई व्यवस्था के नाम पर हर माह लाखों रुपये खर्च कर रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है. ठेकेदारों को जितनी संख्या में सफाईकर्मियों को तैनात करना है, वे उससे काफी कम कर्मियों को काम पर लगा रहे हैं, जबकि पूरा भुगतान लिया जा रहा है.
नगर निगम पर उठे सवाल
सरयू राय ने नगर आयुक्त और उप नगर आयुक्त से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि यदि तय संख्या में कर्मी नहीं लगाए जा रहे हैं, तो यह जांच का विषय है कि बाकी सफाईकर्मी कहां हैं और उनके नाम पर भुगतान किया जा रहा है या नहीं.
मानगो नगर निगम में भी गड़बड़ी!
विधायक ने बताया कि मानगो नगर निगम में सफाई कार्य के लिए प्रतिमाह लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं. यहां 14 ठेकेदारों को सफाई कार्य सौंपा गया है और कुल 300 सफाईकर्मी तैनात होने चाहिए. लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों के अनुसार, सफाईकर्मियों की वास्तविक तैनाती निर्धारित संख्या से काफी कम है, जिससे क्षेत्र में गंदगी बनी रहती है.
विधायक ने मांगी सफाईकर्मियों की सूची
सरयू राय ने दोनों नगरपालिकाओं से सफाई कर्मियों की क्षेत्रवार सूची मांगी है. इससे यह भी स्पष्ट होगा कि कार्यरत सफाई कर्मियों के पीएफ और ईएसआई के मद में कटौती की जा रही है या नहीं. उन्होंने अपने समर्थकों को भी निर्देश दिया है कि वे सफाई कार्यों की नियमित जांच करें और वास्तविक स्थिति से अवगत कराते रहें.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: सिंहभूम चेंबर में होगा केन्द्रीय आम बजट का प्रसारण, उद्योग पर पड़ने वाले प्रभाव पर होगी चर्चा




















































