जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी नगर में गुरुवार रात पुराने विवाद को लेकर दो बस्तियों के लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना के दौरान जमकर मारपीट, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की गई। इस घटना में तीन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 20 की संख्या में युवक हॉकी स्टिक और डंडों से लैस होकर इलाके में पहुंचे और अचानक हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायल को टीएमएच अस्पताल लेकर जाया गया।
उपद्रवियों ने इलाके की कई दुकानों को निशाना बनाया। आरोप है कि राशन दुकान, मेडिकल स्टोर, मोबाइल दुकान और सब्जी दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ की गई और सामान को नुकसान पहुंचाया गया। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि कुछ दुकानों से नकदी भी ले ली गई। इस दौरान कई घरों पर भी पत्थरबाजी की गई, जिससे आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गए। डर के कारण कई परिवार अपने घरों के अंदर ही दुबक गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बस्तियों के बीच पुराना विवाद चल रहा है और हमलावर बदला लेने की नीयत से आए थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी इसी तरह का विवाद हुआ था, लेकिन पुलिस ने संबंधित लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। इसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एहतियात के तौर पर क्यूआरटी टीम को तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एसएसपी ने 17 थाना प्रभारी का किया Transfer-Posting, बागबेड़ा में पदस्थापित गोपाल कृष्ण बनाए गए साकची थाना प्रभारी
There is no ads to display, Please add some


















































