गुवा : नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा क्षेत्र के मानकी टोला गांव में श्री बालाजी इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग लिमिटेड की ओर से नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 50 से 55 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान कई मरीजों में शुगर, फाइलेरिया, दाद-खाज सहित अन्य बीमारियों की पहचान हुई, जिनका उपचार कर सभी जरूरतमंदों को कंपनी की ओर से नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर में उपस्थित चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.आर. मिश्रा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों जैसे डायरिया, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया और खांसी-जुकाम से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने लोगों से स्वच्छ भोजन करने, साफ पानी पीने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। इस दौरान कंपनी की ओर से डॉ. राजीव रंजन मिश्रा, कंपाउंडर मनीष कुमार और पदाधिकारी टुन्नू पांडे सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है। इस तरह के शिविरों से छोटी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो पाता है, जिससे गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।यह पहल दर्शाती है कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
There is no ads to display, Please add some



















































