गुवा : गुवा से लगभग 4 किलोमीटर दूर स्थित मां दुर्गा वन देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र के महानवमी के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर नौ कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया, जिसे हिंदू परंपरा में विशेष महत्व दिया जाता है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की।
पूरे मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल देखने को मिला और भक्तों ने मां से सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार सहित अन्य सेल अधिकारी भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना में भाग लेने के बाद महाभोग प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। पूजन कार्यक्रम के उपरांत समाजसेवी रंजीत परेडा द्वारा जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी एवं गमछा का वितरण किया गया।
इस पहल से जरूरतमंद महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और लोगों ने इस सामाजिक कार्य की प्रशंसा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में वन देवी मंदिर कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर कमेटी के अध्यक्ष गंगा सिद्धू, साधु चरण सिद्धू, रेनू सिंह तथा सहचरी समूह की महिलाएं सक्रिय रूप से मौजूद रहीं। महानवमी के इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : महानवमी पूजा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की



















































