गुवा : नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा क्षेत्र के नुईया गांव में आदिवासी समुदाय के लोगों ने पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मागे पर्व मनाया। इस अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। मागे पर्व के मौके पर जगन्नाथपुर, चाईबासा तथा दुरदरा सहित आसपास के क्षेत्रों से भी मेहमान पहुंचे और इस पारंपरिक पर्व में शामिल होकर खुशी साझा की। दूर-दराज से आए लोगों की मौजूदगी ने उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया। इस दौरान बच्चे, बूढ़े, युवक और महिलाएं सभी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया। पूरे गांव में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। वहीं गांव के पुजारी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस पर्व के माध्यम से आदिवासी समुदाय ने अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।मागे पर्व का यह आयोजन आपसी भाईचारे, एकता और सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने का संदेश देता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : ईसाई समुदाय ने हर्षोल्लास के साथ मनाया ईस्टर पर्व



















































