पोटका : देश जहां आजादी के 79 वें वर्ष को अमृत काल के रूप में मना रहा है, वहीं पोटका प्रखंड के सुदूर पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में बसे कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। गवालकाटा पंचायत के घाघरा कोचा, सोहदा पंचायत के ओड़का बेड़ा (बुढा कोचा टोला) के ग्रामीण अब तक ढिबरी के सहारे जीवन जीने को मजबूर थे।
झारखंड राज्य गठन के 25 वर्ष बाद अब इन गांवों में विकास की किरण पहुंची है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत घाघरा कोचा (सबर समुदाय), बुढा कोचा (हो समुदाय) एवं मानपुर पंचायत के महाली साईं (महाली बहुल गांव) में विद्युतीकरण कार्य शुरू किया गया है।
विधायक संजीव सरदार की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि मंडल—श्रीमती हीरामणि मुर्मू, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, चक्रधर महतो, वीरेंद्र पात्रो व रमेश सोरेन ने विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया।
इस मौके पर रघुनाथ हांसदा, धनीराम हांसदा, रघु मारडी, भोलानाथ सरदार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए जल्द बिजली सुविधा बहाल होने की उम्मीद जताई।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका सीओ निकीता बाला ने गैस एजेंसियों का किया निरीक्षण, मां रंकिणी एचपी में दो माह से बंद आपूर्ति पर जताई नाराजगी

















































