पोटका : सुदूर ग्रामीण क्षेत्र तेंतला पोड़ा पंचायत भवन में एकदिवसीय महा रक्तदान शिविर का आयोजन पंचायत के मुखिया पुष्प लता मुंडा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से किया गया। इस शिविर का आयोजन नई जिंदगी परिवार एवं जमशेदपुर ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
चिलचिलाती धूप के बावजूद गांव के लोगों और युवाओं ने रक्तदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया पुष्प लता मुंडा, पंचायत समिति सदस्य अमलिका सरदार, सचिन सरदार, अर्जुन मुर्मू एवं गोपाल हेंब्रम ने बताया कि इस सुदूर क्षेत्र में रक्तदान शिविर आयोजित करना पहले काफी कठिन था। ग्रामीणों को 20 से 25 किलोमीटर दूर जाकर रक्तदान करना पड़ता था, लेकिन अब सामूहिक प्रयास से गांव में ही शिविर का आयोजन संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि यह शिविर ग्रामीणों की जागरूकता और एकजुटता का परिणाम है, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर को सफल बनाने में नादो किस्कू, मोहन सोरेन, सोमेश्वर सरदार, दुलु मंडी, घासीया हांसदा, रमेश मुर्मू, डूका किस्कू सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।
इसे भी पढ़ें : Potka : भीषण गर्मी में युवाओं का दिखा जज़्बा, भगत सिंह युवा समिति के रक्तदान शिविर में उमड़ी युवाओं की भीड़



















































