फल बगान को जंगली जानवरों से बचाने के लिए हेरिटेज के मालिक ने बगान में दौ़ड़ाया था हाई वोल्टेज करंट
झाड़ग्राम : पिछले माह झाड़ग्राम जिले के गढ़ शालबनी इलाके में करंट लगने से एक हाथी की हुई दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निजी होमस्टे ‘कौशला हेरिटेज’ के मालिक महेश मेहरा और उसके सहयोगी समीर महतो को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें राजस्थान के जयपुर से दबोचा। गौरतलब है कि 19 मई 2026 की सुबह गढ़ शालबनी स्थित एक फल बागान में स्थानीय लोगों ने एक पूर्ण वयस्क दांतैल हाथी को मृत अवस्था में पड़ा देखा था। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। वन विभाग की प्रारंभिक जांच और बाद में हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई थी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि बागान और फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए अवैध रूप से हाई-वोल्टेज बिजली के तार लगाए गए थे। उसी तार की चपेट में आने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा था। डीएफओ उमर इमाम और लोधाशुली रेंज के रेंजर प्रसून मुखर्जी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की थी। मामले में पहले एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया थे। स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों के लगातार दबाव के बीच झाड़ग्राम थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि होमस्टे मालिक महेश मेहरा और उसका सहयोगी राजस्थान के जयपुर में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को झाड़ग्राम अदालत में पेश किया और पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस हिरासत की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले में और भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। इस घटना के बाद इलाके में अवैध बिजली तारों के इस्तेमाल को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि फसलों की सुरक्षा के नाम पर इस तरह के खतरनाक इंतजाम वन्यजीवों के लिए मौत का कारण बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जंगल से सटे इलाकों में विशेष निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : ससुराल में जमाई बाबू की हुई जमकर खातिरदारी, श्रद्धा, उत्साह व आत्मीय माहौल के बीच मना ‘जमाई षष्ठी’



















































