Jhargram : झाड़ग्राम में जनगणना-2027 की शुरूआत, जिलाधिकारी ने पूर्व की जनगणना से जुड़ी तस्वीरों की प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

झाड़ग्राम : जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए झाड़ग्राम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा शुरू की जा रही है। जिला अधिकारी डॉ. आकांक्षा भास्कर ने मंगलवार को अपने कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक जिले के नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपने परिवार और सदस्यों से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि झाड़ग्राम जिले की अनुमानित जनसंख्या 13,57,835 है। जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में 3,626 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं। इसके अलावा, 1,912 प्रगणकों (Enumerators) और 326 पर्यवेक्षकों (Supervisors) की नियुक्ति की गई है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त रिजर्व कर्मियों की भी व्यवस्था की गई है। जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के लिए 54 प्रशिक्षण बैचों का गठन किया गया है, जिनके माध्यम से चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

डॉ. भास्कर ने बताया कि इस बार नागरिकों को se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर दिया गया है। स्व-गणना के लिए सबसे पहले पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद परिवार का पंजीकरण, भाषा का चयन, जीपीएस के माध्यम से आवास का सत्यापन तथा डिजिटल मानचित्र पर घर का स्थान चिन्हित करना होगा। इसके पश्चात निर्धारित प्रश्नावली में परिवार और उसके सभी सदस्यों की जानकारी भरकर उसकी समीक्षा करनी होगी तथा अंतिम रूप से ऑनलाइन सबमिट करना होगा।

 सेल्फी ज़ोन तथा पूर्व की जनगणनाओं से संबंधित दुर्लभ तस्वीरों की विशेष प्रदर्शनी का डीएम ने उद्घाटन किया

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक एसई आईडी (SE ID) प्रदान की जाएगी। बाद में जब जनगणनाकर्मी घर-घर सर्वेक्षण के लिए पहुंचेंगे, तब परिवार को यही एसई आईडी दिखानी होगी। इसी के आधार पर ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। इससे दोबारा जानकारी भरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और जनगणना कार्य अधिक सरल एवं प्रभावी होगा।

जिला अधिकारी ने कहा कि डिजिटल स्व-गणना व्यवस्था से जनगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी तथा आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि यह सरकार की भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेयजल, सड़क, रोजगार और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार भी है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सही और पूर्ण जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं। प्रशासन का विश्वास है कि सटीक जनगणना के माध्यम से भविष्य में संसाधनों का बेहतर नियोजन संभव होगा और विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

जनगणना-2027 का संदेश “गिनती करें, विकास की ओर बढ़ें” रखा गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से समय पर स्व-गणना पूरी करने और जनगणनाकर्मियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की भी अपील की है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान एडीएम गोविंदो दत्ता, डीपीएलओ बिजय सरकार, ड़ीपीआरडीओ सुरोजीत भट्ट, राज्य स्तरीय जनगणना अधिकारी चन्दन दाँव, मोईनक साहा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ें : Jhargram : देशव्यापी ‘जेल भरो’ आंदोलन के समर्थन में झाड़ग्राम शहर में वामपंथी संगठनों ने निकाला विशाल विरोध मार्च

 

Spread the love

Related Posts

Jhargram : देशव्यापी ‘जेल भरो’ आंदोलन के समर्थन में झाड़ग्राम शहर में वामपंथी संगठनों ने निकाला विशाल विरोध मार्च

झाड़ग्राम : आगामी 10 अगस्त को किसान मोर्चा एवं विभिन्न ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर प्रस्तावित देशव्यापी ‘जेल भरो’ आंदोलन के समर्थन में शनिवार को झाड़ग्राम शहर में वामपंथी…

Spread the love

Jhargram : रोजगार मेले में 24 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 124 को मिला नियुक्ति पत्र

झाड़ग्राम : पश्चिम बंगाल सरकार के तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से बुधवार को ईश्वर चंद्र विद्यासागर पॉलिटेक्निक, झाड़ग्राम में जिला स्तरीय रोजगार मेले का सफल…

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share this Page

Slide-In Box help you to share the page on the perfect time