पोटका : विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका के प्रभारी डॉ. सुकांत सीट के निर्देश पर 1 से 8 अगस्त तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव के बाद माताओं एवं उनके परिवारों को नवजात शिशु को जन्म के तुरंत बाद खीरसा (पहला पीला दूध) पिलाने तथा छह माह तक केवल मां का दूध देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान डॉ. विनीत ने माताओं को सही तरीके से स्तनपान कराने की जानकारी दी। डॉ. सुकांत सीट ने कहा कि छह माह तक बच्चे को पानी, शहद, गाय का दूध या अन्य कोई ऊपरी आहार नहीं देना चाहिए। उन्होंने बताया कि मां का दूध शिशु के लिए अमृत समान है, जो उसे दस्त, निमोनिया, खांसी, बुखार व अन्य संक्रमणों से बचाने के साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी सहायक होता है। अभियान के दौरान जन्म लेने वाले सभी नवजातों के परिवारों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Potka : सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत, जांच करने पहुंचे सीओ



















































