जमशेदपुर : फ्रेंडशिप डे के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट ने मनीफीट स्थित हरिजन बस्ती में ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ स्नेह, सम्मान और समानता का संदेश देते हुए एक भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्यों ने ट्रांसजेंडर साथियों की कलाई पर फ्रेंडशिप बैंड बांधकर उन्हें मित्रता और अपनत्व का एहसास कराया। इसके साथ ही उन्हें साड़ियां, सूट, चूड़ियां, मेकअप सामग्री, आकर्षक आभूषण, कॉपी एवं पेन भेंट किए गए। शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अध्ययनरत साथियों को स्टेशनरी सामग्री भी प्रदान की गई। क्लब द्वारा आवश्यक राशन सामग्री का भी वितरण किया गया। यह सेवा कार्य क्लब की आईएसओ विनीता एवं एडिटर रश्मि नारायण द्वारा अपनी पुत्रियों के जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रायोजित किया गया। उनके इस प्रेरणादायी प्रयास ने व्यक्तिगत खुशी को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बना दिया। इस अवसर पर क्लब की छह सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। लाभार्थियों ने क्लब के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। क्लब ने समाज में समावेशिता, सम्मान और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को दोहराया।
There is no ads to display, Please add some



















































