दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन 8 अगस्त का होगा समापन
जमशेदपुर : युवा आजसू का दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन शुक्रवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में शुरू हुआ। अधिवेशन के पहले दिन राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत बनाने और झारखंड के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो थे। उनके साथ मांडू विधायक निर्मल महतो (तिवारी महतो), पूर्व मंत्री एवं केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस तथा गोमिया के पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव डॉ. लम्बोदर महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सुदेश कुमार महतो ने कहा कि युवा अधिवेशन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने का वैचारिक मंच है। उन्होंने कहा कि राज्य को नई दिशा देने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है और उन्हें नेतृत्व, नीति निर्माण तथा सामाजिक परिवर्तन का केंद्र बनना होगा। उन्होंने युवाओं से जनहित के मुद्दों पर सजग, संगठित और संघर्षशील बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक युवा नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे, तब तक प्रदेश की दशा और दिशा में अपेक्षित बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व सौंपने के अपने संकल्प के साथ यह अधिवेशन आयोजित कर रही है।
चुनावी परिणाम चाहे जो भी रहे हों, पार्टी ने हमेशा झारखंड के विकास की अलग पहचान बनाई है और इस अधिवेशन का उद्देश्य भविष्य के लिए सशक्त युवा नेतृत्व तैयार करना है।
कार्यक्रम को केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, प्रो. रविशंकर मौर्य, संजय मेहता, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक टिकैत महतो, अब्दुल जब्बार, पीयूष चौधरी, रविन्द्र ठाकुर, उज्जवल महतो, जमशेदपुर जिला संयोजक मंटू शुक्ला तथा राधिका साहू सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। संचालन केंद्रीय सचिव हरीश कुमार ने किया।
अधिवेशन में युवा सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, राजनीतिक भागीदारी, स्वरोजगार और संगठन के सुदृढ़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर युवाओं की भूमिका को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर केंद्रीय महासचिव उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह, डोमन टुडू, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी, आजसू छात्रसंघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, ऋतुराज सिंह, अंजू तिर्की, करण महतो, प्रताप सिंह, अमित यादव, राजकिशोर महतो सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें :Jamshedpur : बर्मामाइंस हत्याकांड का मुख्य शूटर समेत तीन गिरफ्तार, दो नाबालिग भी घटना में थे शामिल
There is no ads to display, Please add some



















































