पोटका : राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (नेपा), नई दिल्ली के राष्ट्रीय विद्यालय नेतृत्व केंद्र (एनसीएसएल) द्वारा आयोजित साप्ताहिक लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार तिवारी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। 21 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम का पीएम ई-विद्या डीटीएच-टीवी चैनल तथा एनसीईआरटी ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर राष्ट्रव्यापी सीधा प्रसारण हुआ।
कार्यक्रम का विषय “लीडिंग इनोवेशन फॉर स्कूल ट्रांसफॉर्मेशन: ए केस ऑफ झारखंड” था। श्री तिवारी ने एनसीएसएल की सहायक प्राध्यापिका डॉ. निवेदिता सिंह के साथ झारखंड के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में विद्यालय स्तर पर किए गए नवाचारों, नेतृत्व अनुभवों और शिक्षा में बदलाव के लिए किए गए प्रयासों को साझा किया।
श्री तिवारी करीब 30 वर्षों से पोटका के आदिवासी समुदायों के बीच जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। वे स्वैच्छिक संस्था ‘युवा’ के संस्थापक तथा जेसीईआरटी की कक्षा 6 से 8 की सामाजिक विज्ञान पाठ्यपुस्तक समिति के सदस्य रह चुके हैं। उनकी पुस्तक ‘स्कूल में जेंडर’ भी प्रकाशित हो चुकी है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में एआईकेकेएमएस ने चलाया बाढ़ राहत कोष संग्रह अभियान



















































