जादूगोड़ा : जेवियर पब्लिक स्कूल, डोरकासाई (आसनवनी) में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों के बीच विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका अनु कुमारी के संबोधन से हुई। उन्होंने अपने भाषण में राष्ट्रीय खेल दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को खेलकूद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी रुचि के अनुसार खेलों में प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर केजी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। केजी के बच्चों के लिए ‘कलेक्ट द बॉल’, कक्षा 1 और 2 के लिए ‘थ्रो द बॉल’, कक्षा 3 और 4 के लिए ‘बैलेंस द बुक’ तथा कक्षा 5 और 6 के विद्यार्थियों के लिए दौड़ प्रतियोगिता कराई गई।
वहीं, कक्षा 7 और 8 के छात्रों के लिए क्रिकेट तथा छात्राओं के लिए खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्रों के लिए वॉलीबॉल एवं छात्राओं के लिए कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल रहा। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इसे भी पढ़ें : Jadugora : जादूगोड़ा में रक्षा बंधन की धूम, बहनों ने भाई की कलाई पर बांधी राखी



















































