जमशेदपुर : लगातार हुई बारिश के कारण खरकई एवं स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न जलजमाल की स्थिति को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला योजना पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत ग्रामीण कार्य विभाग, विशेष प्रमंडल, एनआरईपी, जिला परिषद, लघु सिंचाई के कार्यापालक/ सहायक अभियंता व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नगर निकायों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ को अपने-अपने क्षेत्र में बारिश एवं जलस्तर बढ़ने से क्षतिग्रस्त हुए सड़क, पुल-पुलिया एवं संपर्क पथों का स्थल निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां पुल-पुलिया का संपर्क पथ बह गया है या क्षतिग्रस्त हुआ है, वहां पानी उतरने के बाद आवागमन की समस्या उत्पन्न हो सकती है। विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित किया जाए, जहां संपर्क पथ बाधित होने से बच्चों का स्कूल जाना या मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाना प्रभावित हो सकता है।
उपायुक्त द्वारा पुल-पुलिया पर जमा मलबे एवं अन्य अवरोधों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जल निकासी निर्बाध रूप से हो सके। उन्होने कहा कि जिन क्षेत्रों में पानी उतर चुका है, वहां तत्काल साफ-सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाए। जलजमाव वाले एवं प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी के उपरांत फॉगिंग तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया, ताकि संक्रमण एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम की जा सके।
बैठक में उपायुक्त द्वारा आपदा से प्रभावित परिवारों की स्थिति की भी जानकारी सभी बीडीओ से ली गई। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी व्यक्ति का घर बारिश अथवा आपदा के कारण गिर गया है, तो उसका तत्काल प्रस्ताव तैयार कर भेजें, ताकि नियमानुसार आवास योजना से आच्छादित करने की कार्रवाई की जा सके।
वहीं, नेशनल हाईवे पर भी बारिश के कारण उत्पन्न गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त संपर्क पथों को चिन्हित कर तत्काल मरम्मतीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराने का निर्देश एनएचएआई के संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र में सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न मीडिया/सोशल मीडिया माध्यमों से मानगो स्थित जाबिर पुल के बारिश में डूब जाने तथा आवागमन प्रभावित होने संबंधी सूचना प्राप्त होने पर उपायुक्त के निर्देशानुसार संबंधित अभियंताओं द्वारा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी जांच की गई। जांच के उपरांत पुल के पुनर्निर्माण हेतु डीपीआर तैयार कर लिया गया है। योजना के क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार कर भेजा जा रहा है, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य जल्द किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सैल्यूट तिरंगा की झारखंड प्रदेश टीम गठित, रवि शंकर तिवारी ने सौंपी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी



















































