जमशेदपुर : शहर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसों और दुर्घटनाओं में जा रही लोगों की जान को लेकर जिला प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने और हादसों के कारणों की समीक्षा को लेकर धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हाई लेवल बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के अलावा बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन और सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान पिछले कुछ दिनों में जमशेदपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों की विस्तार से समीक्षा की गई। दुर्घटनाओं के पीछे मौजूद प्रमुख कारणों को चिन्हित करने के साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर रणनीति तैयार की गई।
प्रशासन की ओर से शहर और आसपास के इलाकों में मौजूद ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क पर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों और वाहन चालकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच प्रशासन की यह बैठक कितनी प्रभावी साबित होती है, यह आने वाले दिनों में सामने आएगा। हालांकि, फिलहाल प्रशासन ने ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्रवाई के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की दिशा में कदम बढ़ाने की बात कही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में पहली बार मनाया गया इंजीनियर्स डे
There is no ads to display, Please add some

















































