झाड़ग्राम : दवाओं की बिक्री और भंडारण में नियमों के अनुपालन की जांच को लेकर झाड़ग्राम जिला पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को शहर की विभिन्न दवा दुकानों और फार्मेसियों का संयुक्त निरीक्षण किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने दवाओं की खरीद से संबंधित बिल और रसीदें, अधिकृत स्टॉक, दवाओं के रखरखाव और भंडारण की व्यवस्था की जांच की। इसके साथ ही दवाओं की वैधता और एक्सपायरी डेट भी देखी गई। टीम ने बिना अनुमति वाली दवाओं की बिक्री की संभावना की भी जांच की तथा निर्धारित स्टॉक रजिस्टर और अन्य जरूरी वैधानिक रिकॉर्ड का निरीक्षण किया।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 और इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुरूप दवाओं के भंडारण, स्टॉक और बिक्री को सुनिश्चित करना है। नियमों के उल्लंघन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को रोकने के लिए इस तरह की संयुक्त जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल अधिकारियों ने बताया कि दवाओं की बिक्री में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस तरह के संयुक्त निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में भाजपा ने मनाया पीएम मोदी का जन्म दिन, चाड़दा काली मंंदिर में जला 1000 दीपक
There is no ads to display, Please add some


















































