झाड़ग्राम : झाड़ग्राम जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी एक उम्मीद जगाने वाली खबर सामने आई है। नयाग्राम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शांतनु पात्र ने जटिल ऑपरेशन के जरिए झारखंड के बहरागोडा निवासी 21 वर्षीय युवक की करीब छह वर्षों से चली आ रही दृष्टि संबंधी समस्या को दूर करने में सफलता हासिल की। ऑपरेशन के बाद युवक अब आंखों से बेहतर देख पा रहा है। जानकारी के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले पत्थर या बोल्डर के चोट लगने के बाद युवक की आंखों की रोशनी चली गई थी। इसके बाद उसने कई जगह इलाज कराया, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। निजी अस्पतालों में इलाज के लिए भारी भरकम खर्च करने के पश्चात वह करीब एक सप्ताह पहले नयाग्राम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचा और डॉ. शांतनु पात्र से परामर्श लिया।
जांच के बाद चिकित्सक ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। मंगलवार को युवक की आंख का जटिल ऑपरेशन किया गया। चिकित्सक के अनुसार, ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था और इसमें काफी समय लगा। बुधवार को आंख पर लगा पट्टी हटाए जाने के बाद युवक ने बेहतर दिखाई देने की बात कही। चिकित्सक के मुताबिक, फिलहाल उसकी दृष्टि लगभग 6/9 दर्ज की गई है। छह साल बाद आंखों से बेहतर देखने की खुशी युवक के चेहरे पर साफ नजर आई। डॉ. शांतनु पात्र ने भी इस सफलता पर संतोष व्यक्त किया। सरकारी अस्पताल में हुए इस सफल उपचार को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण चिकित्सा उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में रिहायशी क्षेत्र में हिरण का शव मिलने से फैली सनसनी, वन्य विभाग ने शव जब्त कर छानबीन शुरू की
There is no ads to display, Please add some


















































