30 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात आई सामने, देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो मोबाइल बरामद
जमशेदपुर : शहर में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिरसानगर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान साकची थाना क्षेत्र के गुरुनानक नगर, सोहन सिंह बगान निवासी यश दास (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में एक किशोर ने अपनी सुरक्षा के लिए 30 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात स्वीकार की है।
गुप्त सूचना पर गठित हुई छापेमारी टीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की शाम करीब 7:20 बजे गुप्त सूचना मिली कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह फुटबॉल मैदान के पास कुछ युवक अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
इसके बाद बिरसानगर थाना प्रभारी पांडू सामड समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। रात करीब 8:30 बजे फुटबॉल मैदान के पास बैठे एक युवक और तीन किशोरों को पकड़ लिया गया।
तलाशी में पिस्टल और गोलियां बरामद
पकड़े गए लोगों की तलाशी के दौरान एक विधि-विरुद्ध किशोर के पास से 7.62 एमएम की एक देसी पिस्टल बरामद हुई। वहीं, दूसरे किशोर के पास से 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां मिलीं। पुलिस ने मौके से दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। हथियार और गोलियों की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
अपनी सुरक्षा के लिए 30 हजार रुपये में खरीदा हथियार
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान एक विधि-विरुद्ध किशोर ने बताया कि उसने अपनी सुरक्षा के लिए यश दास से 30 हजार रुपये में अवैध हथियार खरीदा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने यश दास को अवैध हथियार और गोली की खरीद-बिक्री के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में शामिल तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया।
युवक जेल भेजा गया, किशोर बाल सुधार गृह भेजे गए
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार यश दास को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि तीनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध हथियारों के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि हथियार कहां से लाया गया था और इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
There is no ads to display, Please add some


















































