झाड़ग्राम : दुर्गापूजा की सप्तमी पर शनिवार दोपहर झाड़ग्राम में हुई मूसलाधार बारिश ने उत्सव की रौनक फीकी कर दी। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण झाड़ग्राम शहर और आसपास के इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। बारिश के चलते कई पूजा मंडपों में दर्शकों की भीड़ अचानक कम हो गई और कुछ देर के लिए मंडप परिसर लगभग खाली नजर आए।
सप्तमी के अवसर पर पूजा मंडपों में घूमने निकले लोग छाता लेकर घरों से बाहर तो निकले, लेकिन लगातार तेज बारिश के कारण उनकी आवाजाही प्रभावित हुई। इससे शहर के विभिन्न पूजा मंडपों में श्रद्धालुओं और दर्शकों की संख्या में कमी देखी गई।
बारिश का असर झाड़ग्राम के ऐतिहासिक चिल्कीगढ़ कनक दुर्गा मंदिर में भी देखने को मिला। यहां भी बारिश के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ में अचानक कमी आ गई। लगातार बारिश से मंदिर परिसर के आसपास और सड़कों पर पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
पूजा आयोजकों को उम्मीद है कि बारिश थमने के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी और शाम होते-होते मंडपों में फिर से रौनक लौटेगी। हालांकि, सप्तमी की दोपहर हुई बारिश ने त्योहार के उत्साह के बीच कुछ समय के लिए खलल जरूर डाल दिया।
There is no ads to display, Please add some


















































