खड़गपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में शुक्रवार को 45 रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मंडलीय रेलवे अस्पताल के सभागार में आयोजित विदाई-सह-सेवानिवृत्ति देय राशि भुगतान कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), स्मृति चिह्न तथा सेवानिवृत्ति से जुड़े अन्य जरूरी दस्तावेज प्रदान किए गए।
इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय ने एडीआरएम (ऑपरेशन) और एडीआरएम (इंफ्रास्ट्रक्चर) के साथ सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके पेंशन संबंधी दस्तावेज सौंपे। उन्होंने रेलकर्मियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे के प्रति उनकी निष्ठा, मेहनत और समर्पण ने संगठन की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने के साथ उसके विकास में भी अहम भूमिका निभाई है।
डीआरएम ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों के परिवारों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सेवा के दौरान परिवार के सदस्यों का निरंतर सहयोग कर्मचारियों के लिए प्रेरणा और संबल बना रहा।
मंडल प्रशासन की ओर से सेवानिवृत्ति संबंधी सभी देय राशियों और दस्तावेजों का समय पर निपटान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने सम्मानपूर्वक विदाई देने तथा पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभों की प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग के लिए मंडल प्रशासन के प्रति आभार जताया।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : ‘ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते’ के तहत RPF ने 16 नाबालिग लड़कों का किया रेस्क्यू, सुरक्षित संरक्षण की कार्रवाई जारी
There is no ads to display, Please add some


















































