आदित्यपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का साइट निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा निगरानी, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल सुविधा का जायजा लिया। भीड़-भाड़ वाले घाटों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि पूजा-अर्चना का आयोजन सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से हो।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, थाना प्रभारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे। उपायुक्त ने घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद किया और उन्हें जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों में सहयोग देने की अपील की।
उपायुक्त ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि गहरे पानी में जाने से परहेज़ करें, घाटों पर आतिशबाज़ी न करें एवं प्रशासन द्वारा तय दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की व्यवस्था तभी सफल होगी जब जनसहयोग मिलेगा। सभी नागरिक शांति, स्वच्छता और सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें। उपायुक्त ने आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: छठ महापर्व का पहला अर्घ्य आज, घाटों पर उमड़ा जनसैलाब
There is no ads to display, Please add some



















































