बहरागोड़ा : प्रशासनिक उपेक्षा और जनप्रतिनिधियों के खोखले दावों से नाराज खेडूआ पंचायत के ग्रामीणों का सब्र का बांध आखिरकार मंगलवार को टूट गया। जयपूरा से जुगडीहा को जोड़ने वाली मुख्य कच्ची सड़क के कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो जाने के विरोध में ग्रामीणों ने बीच सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखे तरीके से अपना आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि करीब एक वर्ष पूर्व ढोल-नगाड़ों के साथ इस सड़क के निर्माण का शिलान्यास तो कर दिया गया, लेकिन आज तक एक ईंट भी नहीं रखी गई। मानसूनी बारिश के कारण हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि स्कूली बच्चों से लेकर मरीजों तक का इस रास्ते से गुजरना दूभर हो गया है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब विभागीय कानों पर जूं नहीं रेंगी, तो प्रदीप दलाई, विश्वजीत दास, अरुण दास और जानूराम दलाई की अगुवाई में ग्रामीणों ने यह विरोध दर्ज कराया।
इसे भी पढ़ें : Bahragora : स्वर्णरेखा से जल लेकर थाना परिसर पहुंचे श्रद्धालु, शिव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान से चारों ओर गूंजा ‘महादेव’ का जयघोष


















































