बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर के तीन दिवसीय पुनः प्रतिष्ठा सह धार्मिक अनुष्ठान के दूसरे दिन सोमवार को पूरा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस पावन अवसर पर आयोजित भव्य कलश यात्रा में विभिन्न मौजा से आए सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बामडोल स्थित पवित्र स्वर्णरेखा नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में पवित्र जल भरा गया, जिसके बाद पारंपरिक गाजे-बाजे और शंखध्वनि के साथ यह शोभायात्रा विभिन्न रिहायशी इलाकों का भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण पहुंची।
‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश स्थापना के उपरांत विद्वान पुरोहितों—अंतर्यामी उपाध्याय, सुमन मिश्रा, रामकुमार मिश्र, चंद्रभानु पड़ी, रमाकांत सतपति, श्रीनिवास, देवनाथ मिश्रा, रुद्र प्रताप पांडा और विवेक दुबे के सानिध्य में बाबा भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए, जिसके बाद महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी। इस तीन दिवसीय धार्मिक महाआयोजन को भव्य रूप देने और सफल बनाने में पूजा कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य तथा स्थानीय ग्रामीण पूरी मुस्तैदी और श्रद्धा भाव से समर्पित हैं।
इसे भी पढ़ें : Bahragora : खंडामौदा एनएच 49 से भागाकुली गांव तक बदहाली का शिकार हुई 15 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क, राहगीर परेशान


















































