गुवा: मेदहातुबुरु उतरी पंचायत के करमपदा गांव में ग्राम विकास मंच की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुखिया लीपी मुंडा ने की। बैठक में क्षेत्रीय मुण्डा फ्रानसीस, ग्रामीण मुण्डा राजेश, डीलर देवधारी कुमार, उपमुखिया सामसाद आलम, वार्ड सदस्य सावित्री कांडा, सुकेर मुनी चरवा, सहिया लाली देवी, सेविका शंकरी सिद्ध, सक्रिय महिला सुकान्ती महतो, सचिव तीलीतमा नायक, अमरीता देवी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
बैठक में स्वच्छ पर्यावरण, सम्पूर्ण शिक्षा, जागरूक समाज, आजीविका संसाधन, स्वास्थ्य और स्वच्छता, ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक संगठन जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुखिया लीपी मुंडा ने कहा कि किरिबुरु क्षेत्र के विभिन्न गांवों का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बिना विकास के ग्रामीणों के जीवन में सुधार संभव नहीं है।
मुखिया ने बताया कि क्षेत्र में सड़क और दूरसंचार के साधनों की स्थिति लंबे समय से खराब है, जिसका तुरंत समाधान होना चाहिए। साथ ही उन्होंने शिक्षा की स्थिति सुधारने पर भी जोर दिया। कई स्कूलों में साधनों का अभाव है, जिससे बच्चे पूर्ण रूप से शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।