रामगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सामरिक नीति को मजबूती और आत्मनिर्भरता मिली है। हालांकि, हाल के दिनों में कुछ राजनीतिक दलों और उनके समर्थकों द्वारा सीमा पर हुए सीजफायर को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, जिसे लेकर भाजपा नेता और सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे न केवल देश की सुरक्षा नीति पर असमंजस फैलाने की साजिश बताया, बल्कि यह भी कहा कि इससे हमारी सेना के मनोबल को भी चोट पहुंचाई जा रही है।
सीजफायर: समर्पण नहीं, बल्कि एक रणनीतिक विराम
धनंजय कुमार पुटूस ने कहा, “सीजफायर कोई ‘समर्पण’ नहीं, बल्कि यह एक रणनीतिक विराम होता है। मोदी सरकार की विशेषता यह है कि यह दुश्मन से न तो डरती है और न ही दबाव में आती है। सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक जैसे साहसिक सैन्य कदम इसके उदाहरण हैं। जब बात भारत की अखंडता और स्वाभिमान की होती है, तो मोदी सरकार कभी पीछे नहीं हटती।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सीजफायर का उद्देश्य केवल गोलीबारी को रोकना नहीं होता, बल्कि इसका उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों को राहत देना और सेना को पुनः संगठित होने का अवसर देना होता है।
राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सैन्य बल से नहीं, कूटनीति से भी सुनिश्चित होती है
धनंजय कुमार पुटूस ने सोशल मीडिया पर सैन्य रणनीति के बारे में बयानबाजी करने वालों को चेतावनी दी, “जो लोग केवल सोशल मीडिया पर बैठकर सैन्य रणनीति पर टिप्पणी करते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल बंदूक और बारूद से नहीं, बल्कि दूरदर्शिता, कूटनीति और वैश्विक संतुलन से भी सुनिश्चित होती है।”
मोदी सरकार ने भारत को पहल करने वाला देश बना दिया है
सांसद प्रतिनिधि ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब प्रतिक्रियावादी नहीं, बल्कि पहल करने वाला देश बन चुका है। आज पूरी दुनिया भारत को एक मजबूत, निर्णायक और वैश्विक नेतृत्व देने वाले राष्ट्र के रूप में देखती है। मोदी जी की विदेश नीति और रक्षा नीति ने भारत की वैश्विक साख को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।”
सेना और सुरक्षा से जुड़ी राजनीति देशहित में नहीं
उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, “सेना, सुरक्षा और सीमाओं से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करना देशहित में नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब हमारे जवान सीमाओं पर तैनात रहते हैं, कुछ लोग एसी कमरों में बैठकर सेना की रणनीति पर ज़हरीली बयानबाजी करते हैं। ऐसे लोग न तो जनता माफ करेगी और न ही देश का इतिहास उन्हें याद रखेगा।”
जनता से अपील
अंत में धनंजय कुमार पुटूस ने आम जनता से अपील की कि वे विपक्ष की भ्रामक बातों से प्रभावित न हों और देश की सुरक्षा नीति पर पूरा विश्वास रखें। उन्होंने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में भारत पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर है। विपक्ष का यह झूठा प्रचार केवल ध्यान भटकाने की कोशिश है, लेकिन देश की जनता अब जागरूक है और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है।”
इसे भी पढ़ें : Ramgarh: PM JANMAN योजना के तहत रामगढ़ में 46 बिरहोर परिवारों को आवास का लाभ




















































