गुवा : 40% ठेका मजदूरों की प्रस्तावित छंटनी एवं अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने बुधवार देर शाम ठेका मजदूरों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। बैठक में रामा पांडे ने कहा कि गुवा सेल में 40% ठेका मजदूरों की छंटनी को लेकर मजदूरों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने बताया कि स्टील सेक्रेटरी द्वारा इस संबंध में सेल प्रबंधन को पत्र भेजा गया है। इसकी जानकारी मिलते ही यूनियन ने मजदूरों के साथ बैठक कर इस निर्णय के खिलाफ जोरदार आंदोलन करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही यूनियन ने गुवा सेल अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताई। रामा पांडे ने कहा कि अस्पताल में लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। इसके अलावा नया एम्बुलेंस नहीं है, दवाइयों की कमी बनी हुई है, मरीज वार्ड में लगे एसी खराब हैं तथा शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति भी अत्यंत खराब है। यूनियन ने प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो सेल अस्पताल का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। मजदूरों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
There is no ads to display, Please add some



















































