गुवा : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को सीआईएसएफ यूनिट गुवा माइंस में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीआईएसएफ के उप कमांडेंट रवि रंजन सिंह ने किया। इस अवसर पर बल के अधिकारियों, जवानों तथा उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट प्रशांत डी.,उप निरीक्षक सुखनाथ मुंडा, उप निरीक्षक सत्यव्रत बेहरा तथा संरक्षिका अध्यक्षा श्रीमती रीना सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में सीआईएसएफ के बल सदस्यों एवं उनके परिवारजनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा इसके लाभों को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया। इस अवसर पर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : इस्को मध्य विद्यालय गुवा में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
There is no ads to display, Please add some



















































