जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी विधायक और विधानसभा की प्रत्यायुक्त समिति के चेयरमैन सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल में चल रहे अवैध खनन और कोयला तस्करी की गंभीर स्थिति से अवगत कराया है। सरयू राय ने बताया कि स्थानीय नागरिकों ने उन्हें ठोस सूचनाओं के साथ अवैध गतिविधियों के बारे में जानकारी दी है। हालांकि, जिला प्रशासन, पुलिस और सीसीएल के पदाधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद, अवैध धंधा लगातार जारी है।
पत्र में बताया गया है कि पेंक नारायणपुर, नावाडीह, दुग्धा, पेटरवार, बोकारो थर्मल, कथारा ओपी, तेनुघाट ओपी जैसे क्षेत्रों में अवैध कोयला तस्करी हो रही है।
बाइक, वैन, ट्रैक्टर और ट्रकों के माध्यम से अवैध कोयला लगातार ढोया जा रहा है। पहले यह धंधा थाना स्तर पर संचालित होता था, लेकिन अब रामगढ़, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, रांची और बोकारो के संगठित समूह इसमें शामिल हैं। अवैध कारोबारी पुलिस-प्रशासन की धमकियों को नजरअंदाज कर खुला कारोबार चला रहे हैं।
पर्यावरण नियमों की अनदेखी
सरयू राय ने पत्र में बताया कि अवैध फैक्ट्रियां पर्यावरण नियमों का उल्लंघन कर रही हैं। कोयला भट्टी (धवन भट्टी) की बजाय खुले में पोड़ा जा रहा है।
ये फैक्ट्रियां रिहायशी इलाकों के पास हैं, जिससे स्थानीय लोग कार्बन मोनोऑक्साइड प्रदूषण झेलने को मजबूर हैं। जिला पर्यावरण संरक्षण समिति के अध्यक्ष के बावजूद कार्रवाई न होना स्थिति की गंभीरता को दिखाता है।
सरयू राय के अनुसार, अवैध खनन मुख्य रूप से सीसीएल के बी एंड के, कथारा और ढोरी एरिया की खदानों से हो रहा है। पेंक नारायणपुर के तापानी, चरकपनिया, पिलपिलो, बोकारो थर्मल के जारंगडीह, कथारा कोलियरी आदि से कोयला चोरी हो रहा है।
तस्करी की दरें भी तय हैं:
मोटरसाइकिल: ₹3,000 प्रति माह
वैन: ₹50,000–60,000 प्रति माह
ट्रैक्टर: ₹1,000 प्रति माह
सरयू राय ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि अवैध खनन, तस्करी और प्रोसेसिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और इस अवैध कारोबार पर रोक लगाई जाए।