जमशेदपुर: रविवार, 6 अप्रैल को प्रातः 10 बजे बारिगोड़ा के हनुमान नगर मोहल्ले में सौर जल योजना का उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ. स्थानीय मुखिया सुनीता नाग ने विधिवत इस योजना का शुभारंभ किया. इस अवसर पर मोहल्ले के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए और योजना के महत्व को समझते हुए उसका स्वागत किया.
“जल ही जीवन है”—मुखिया ने दिया जागरूकता का संदेश
मुखिया सुनीता नाग ने अपने संबोधन में कहा कि जल हमारे जीवन की मूलभूत आवश्यकता है. हमें इसके संरक्षण की जिम्मेदारी समझनी चाहिए. उन्होंने लोगों से अपील की कि जल का दुरुपयोग न करें और इस अमूल्य संसाधन की रक्षा में अपनी भूमिका निभाएं.
सामूहिक प्रयास से बनी यह योजना
इस सौर जल योजना को सफल बनाने में स्थानीय समाजसेवियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही. मुकुंद तिवारी, विजय राय, सुबोध शाही, अरविंद पांडेय, मुन्ना सिंह, पिंटू श्रीवास्तव, सुरेश मिश्रा, दीना, पप्पू, सनी और सुमन जैसे कई लोगों ने अपने श्रम और सहयोग से इस प्रयास को गति दी.
बस्तीवासियों में दिखा उत्साह और संतोष
योजना के उद्घाटन के बाद मोहल्लेवासियों ने खुशी जाहिर की. अब उन्हें शुद्ध पेयजल के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. सौर ऊर्जा से संचालित यह योजना न केवल पर्यावरण-संवेदनशील है बल्कि स्वच्छ जल उपलब्धता की दिशा में एक ठोस पहल भी मानी जा रही है.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: दीप प्रज्वलन से हुआ चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती का शुभारंभ