जमशेदपुर : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभ से छह लाख महिलाओं को वंचित किए जाने पर भाजपा सरकार पर हमलावर हो गई है. प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को धोखेबाज कहकर इस मामले में जवाब मांगा है. एक बयान जारी कर अभय सिंह ने कहा कि वोट लेने के लिए लोक लुभावन नारे एवं योजनाओं के सहारे सत्ता हासिल करने वाले हेमंत सोरेन ने महिलाओं के साथ धोखेबाजी की है. 56 लाख महिलाओं से फॉर्म भरवाए गए. कुछ के खाते में पैसे भेजे गए. अब जांच के नाम पर छह लाख से ज्यादा महिलाओं को इस योजना से वंचित कर दिया गया.
उन्होंने कहा कि यह सारा कुछ एक सोंची समझी साजिश के तहत किया गया. उन्होंने कहा कि इस मामले को भाजपा हर मोर्चे पर उठाएगी तथा सरकार को घेरेगी. साथ ही पार्टी इसे चुनावी मुद्दा भी बनाएगी. उन्होंने कहा कि झारखंड की आबादी 3 करोड़ 25 लाख है. जिसमें आधी आबादी महिलाओं की एक करोड़ 75 लाख की लगभग है. आज यह सरकार अपने वादे से मुकर कर की 50 लाख महिलाओं तक ही मंईयां योजना पहुंचा रही है. बाकी महिलाओं का नाम भेदभाव किया जा रहा है.
तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वैसे भी यह सरकार मंईयां योजना के पैसे भी ठीक ढंग से नहीं दे पा रही है, दूसरी तरफ विकास का मार्ग अवरुद्ध हो चुका है, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन अन्य चीजों के वादे भी लोगों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. इससे यह प्रतीत होता है केवल चुनाव के समय लोक लुभावना वादे करके अपने चुनावी घोषणा पत्र से जनता के साथ जालसाजी किया गया है. यह जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर तुलसी भवन में महासर माता का पंचम वार्षिक उत्सव 20 सितम्बर को, महासर माता परिवार की बैठक में तैयारियो पर चर्चा



















































