- लिंडे कंपनी के पास तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, नाले में पलटा ऑटो
- तेज टक्कर से नाले में पलटा ऑटो, मची अफरा-तफरी
जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के लिंडे कंपनी के समीप सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार इनोवा कार और एक ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे नाले में जा पलटा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो चालक स्टेशन से चार यात्रियों को रिजर्व लेकर साकची की ओर जा रहा था, तभी सफेद रंग की इनोवा कार तेज गति से आई और ऑटो को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए नाले में गिरे ऑटो चालक को बाहर निकाला।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में तेज रफ्तार ट्रक ने तोड़ी पुलिया की डायवर्सन, ग्रामीणों में आक्रोश
पुलिस ने इनोवा चालक को लिया हिरासत में
घटना के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ऑटो को नाले से बाहर निकाला गया। हादसे में ऑटो चालक को हल्की चोटें आई हैं, जबकि ऑटो में सवार यात्रियों को कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। पुलिस ने इनोवा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले जाया गया है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने इस मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और यातायात नियंत्रण की मांग की है।