जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग में रविवार देर रात उस वक्त हंगामा मच गया जब पार्किंग कर्मचारियों ने डीएसपी भोला प्रसाद की स्कॉर्पियो गाड़ी को रोक लिया. उन्होंने पर्ची कटाने की बात कही, जिससे अधिकारी नाराज हो गए और तत्काल पुलिस बल को मौके पर बुला लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थोड़ी ही देर में पुलिस वहां पहुंच गई और चार से पांच पार्किंग कर्मचारियों को खदेड़ते हुए जमकर पीटा. अचानक हुए इस घटनाक्रम से स्टेशन परिसर में करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा. यात्री और स्थानीय लोग असमंजस में पड़ गए, वहीं रेलवे सुरक्षा बल ने स्थिति को संभालने की कोशिश की.
घटना के बाद जीआरपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए पार्किंग मैनेजर से सभी कर्मचारियों की सूची मांगी है. साथ ही आदेश दिया गया है कि आगे से सभी कर्मी वैध कंपनी आईडी कार्ड के साथ ही कार्यस्थल पर मौजूद रहें. उन्हें केवल इन और आउट गेट पर ही तैनात करने की बात कही गई है.
डीएसपी भोला प्रसाद ने इस घटना पर कोई भी सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया. हालांकि, पुलिस और रेलवे प्रशासन दोनों ने यह स्पष्ट किया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand: रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी की चेतावनी, 26 जुलाई तक मौसम रहेगा बेहद सक्रिय