- गोपाल मैदान में विवाद के दौरान युवकों पर ताबड़तोड़ हमला, पुलिस ने शुरू की जांच
- दोनों घायलों की हालत गंभीर, पुलिस जुटी हमलावरों की पहचान में
- बिष्टुपुर में सुरक्षा बढ़ाई गई, पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी
जमशेदपुर ; बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के गोपाल मैदान में बुधवार देर शाम टुसू मेला के दौरान एक गंभीर चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस हमले में सोनारी के रुपनगर निवासी प्रेम और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक किसी काम से मैदान में मौजूद थे, तभी कदमा के रुपनगर इलाके के कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। प्रेम के पेट और हाथ में चोटें आईं, जबकि संदीप के सीने और पीठ पर वार किए गए। दोनों युवक खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़े।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एससीसीआई सेमिनार में सौर ऊर्जा के पर्यावरणीय और आर्थिक लाभों पर विशेष चर्चा
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए प्रेम को टीएमएच पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। संदीप को अत्यधिक गंभीर स्थिति में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल फैल गया और राहगीरों तथा दुकानदारों में डर व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर प्रारंभिक बयान दर्ज किए और हमलावरों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर तुलसी भवन में भागवत कथा का समापन, सुदामा चरित्र से सिखी सच्ची मित्रता और भक्ति
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के कारण क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, इलाके में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी अनहोनी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है।
There is no ads to display, Please add some



















































