जमशेदपुर: DC अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में आज 27 मार्च को जिला खनन टास्क फोर्स की ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

अवैध खनन पर कठोर कार्रवाई
DC ने बैठक में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता जताई. उन्होंने सभी CO और थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि वे अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों पर संयुक्त कार्रवाई करें. उन्होंने सीमावर्ती राज्यों से सटे प्रखंडों में अवैध खनिज परिवहन की शिकायतों पर तुरंत जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही. इसके साथ ही खनन टास्क फोर्स को सूचना तंत्र को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया, ताकि विभागीय जानकारी का आदान-प्रदान हो सके और अवैध खनिज कारोबार पर रोक लगे.
खनिज परिवहन पर चेकपोस्ट का गठन
DC ने खनिज परिवहन के प्रमुख मार्गों पर चेकपोस्ट स्थापित करने के लिए एडीएम लॉ एंड ऑर्डर को आदेश दिया. इन चेकपोस्टों पर दण्डाधिकारी, पुलिस अधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि अवैध परिवहन को रोका जा सके.
अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अब तक की कार्रवाई
जनवरी 2025 से अब तक, अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ 38 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. इस दौरान अंचल अधिकारी द्वारा तीन वाहन, थाना द्वारा 14 वाहन और जिला खनन कार्यालय द्वारा 13 वाहन जब्त किए गए हैं. इसके साथ ही 3,34,000 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया है. वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 161 मामलों में 80 प्राथमिकी दर्ज कराई गईं, 183 वाहन जब्त किए गए और 46,03,500 रुपये जुर्माना वसूला गया.
सख्त निर्देश: ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन
DC ने DTO को निर्देशित किया कि वे ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करें. इसके साथ ही उन्होंने अवैध रूप से संचालित हो रहे बंग्ला ईंट भट्ठों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई का आदेश दिया. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 13 ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी किया है.
वन विभाग की कार्रवाई और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता पर बल दिया. वहीं, वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बताया कि वन विभाग द्वारा वन क्षेत्रों में अवैध खनिज उत्खनन के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है.
बैठक में जुड़े अन्य विभागीय पदाधिकारी
इस बैठक में SSP किशोर कौशल, वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, SDM शताब्दी मजूमदार, Rural SP ऋषभ गर्ग, SDO घाटशिला, DTO, DMO, सभी CO, प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी, कारखाना निरीक्षक और सभी थाना प्रभारी भी Video Conferencing के माध्यम से जुड़े.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: जुलूस के मार्ग में व्यवधान से बचने के लिए बाल मंदिर अखाड़ा ने अधिकारियों से की बातचीत
There is no ads to display, Please add some


















































