मुरी : मगध परियोजना, सीसीएल लातेहार क्षेत्र में स्थानीय निवासी द्वारिका गोंझू के तीन मासूम बच्चों- माही, दीपिका एवं आर्यन की शुक्रवार को हुई दर्दनाक मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान देवेंद्र नाथ महतो को रविवार देर शाम पुलिस प्रशासन ने आंदोलन स्थल से हिरासत में ले लिया।
ज्ञात हो कि उक्त तीनों बच्चों की मृत्यु अवैध उत्खनन से बने जलाशय में डूबने के कारण हुई थी। घटना के बाद मृतक परिवार को उचित मुआवजा, दोषियों पर कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग को लेकर देवेंद्र नाथ महतो पिछले 48 घंटों से आंदोलनरत थे। वे कंपनी के परिवहन कार्य को रोककर मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
रविवार शाम लगभग 07:00 बजे पुलिस प्रशासन ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर देवेंद्र नाथ महतो को हिरासत में ले लिया। उनकी हिरासत की खबर फैलते ही आंदोलन स्थल पर मौजूद समर्थकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया तथा कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बालूमाथ एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों ने प्रशासन से देवेंद्र नाथ महतो की शीघ्र एवं सकुशल रिहाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Muri : मुहर्रम को लेकर सिल्ली व मुरी थाना की शांति समिति की हुई संयुक्त बैठक शांतिपूर्ण जुलूस निकालने पर बनी सहमति
There is no ads to display, Please add some



















































