नई दिल्ली: एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन देश के नए उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। आज हुए मतदान में उन्हें कुल 452 वोट मिले। वहीं विपक्षी गठबंधन इंडिया के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। राधाकृष्णन ने 152 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। हार के बाद सुदर्शन रेड्डी ने कहा, “मैं नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को उनके कार्यकाल की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देता हूँ।”
मतदान और मतगणना की प्रक्रिया
उपराष्ट्रपति चुनाव में 98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शाम 5 बजे समाप्त हुआ और एक घंटे बाद, शाम 6 बजे मतगणना शुरू हुई।
कुल वोट डाले गए: 767
वैध वोट: 752
अवैध वोट: 15
कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के पक्ष में 315 सांसदों के मतदान का दावा किया था। इस बार बीआरएस और बीजेडी ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया। इसके अलावा, अकाली दल के एक सांसद ने बाढ़ के कारण मतदान से परहेज किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदान की शुरुआत की। उनके साथ केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू, अर्जुन राम मेघवाल, जितेंद्र सिंह और एल. मुरुगन भी मतदान केंद्र पहुंचे। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा, समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश समेत कई अन्य नेता मतदान में शामिल हुए। विशेष रूप से 92 वर्षीय पूर्व पीएम देवेगौड़ा व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे।
दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से
सीपी राधाकृष्णन – तमिलनाडु के गौंडर ओबीसी समुदाय से, 1998 में कोयंबटूर से पहली बार लोकसभा सदस्य चुने गए।
बी सुदर्शन रेड्डी – तेलंगाना से, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और गोवा के लोकायुक्त रहे।
राधाकृष्णन ने झारखंड और महाराष्ट्र में राज्यपाल के रूप में कार्य किया है और उन्होंने विवादास्पद राजनीतिक मामलों पर सार्वजनिक टिप्पणी से परहेज किया। वहीं रेड्डी ने सुप्रीम कोर्ट में कई महत्वपूर्ण फैसलों में काम किया है, जैसे सलवा जुडूम को असंवैधानिक घोषित करना और विदेशों में रखे गए बेहिसाबी धन को वापस लाने हेतु एसआईटी गठन का आदेश देना।
इसे भी पढ़ें : Vice President Election: उपराष्ट्रपति चुनाव में रोचक मुकाबला – अब तक 96% मतदान, नतीजों का बेसब्री से इंतजार