सिल्ली: मुरी गोला रोड के चौड़ीकरण का काम जारी है, लेकिन इस निर्माण में घटिया गिट्टी और मटेरियल का इस्तेमाल हो रहा है. ठेकेदार द्वारा पुराने रोड को तोड़कर उसका मलबा, जैसे कि डस्ट, नए रास्ते में डालकर रोलर से लेवल किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्माण न सिर्फ अव्यवस्थित है, बल्कि इसकी गुणवत्ता भी बेहद खराब है. ऐसे में सड़क का टिकाऊ होना संदेहास्पद है.
ठेकेदार की मनमानी और अवैध गतिविधियां
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार अपने काम में लापरवाह है और मानक के अनुसार काम नहीं कर रहा है. कुछ ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार का वर्क मैनेजर यह तक कहता है कि “आप जो करना है कर लीजिए, हमें कोई कुछ नहीं कर सकता. हम जैसा चाहेंगे, वैसा रोड बनाएंगे.” इसके अलावा, रात के अंधेरे में अवैध रूप से पेड़ काटे जाने की भी खबरें आई हैं. इस संदर्भ में दैनिक जागरण में एक खबर प्रकाशित हुई थी, जिसके बाद वन विभाग ने इन पेड़ों पर नंबर अंकित कर दिए हैं.
नागेंद्र नाथ गोस्वामी ने मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही
रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस के उपाध्यक्ष नागेंद्र नाथ गोस्वामी ने इस मुद्दे पर कड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ठेकेदार का काम पूरी तरह से गलत है और वह घटिया सामग्री का उपयोग कर रहा है. साथ ही ठेकेदार का मनोबल भी बहुत ऊंचा है, जिसे नीचे लाना आवश्यक है. गोस्वामी ने कहा कि ठेकेदार द्वारा धमकी देने जैसा बर्ताव करना बेहद गलत है और वे इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे, ताकि इस मामले की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
इसे भी पढ़ें : Silli: बालू उठाव को लेकर ग्रामीणों और बालू भंडारणकर्ताओं के बीच नोकझोंक
There is no ads to display, Please add some



















































