पश्चिमी सिंहभूम: मंझारी प्रखंड में बुधवार को प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर टुडू ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य मलेरिया नियंत्रण हेतु रात्रि रक्तपट संग्रह अभियान की योजना बनाना था।
रात्रि रक्तपट संग्रह की तिथि और स्थान निर्धारित
बैठक में डॉ. टुडू ने रात्रि रक्तपट संग्रह (Night Blood Slide Collection) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह संग्रहण दो चरणों में किया जाएगा।
पहला चरण सेंटिनल साइट ग्राम मालीड़ू में 26 मई से 29 मई तक चलेगा।
दूसरा चरण रेंडम साइट ग्राम बड़ा लगड़ा में 2 जून से 5 जून तक आयोजित किया जाएगा।
रात 8 से 12 बजे तक लगेंगे शिविर
दोनों ही स्थलों पर शिविर रात 8:00 बजे से 12:00 बजे तक लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों के रक्त के नमूने एकत्र किए जाएंगे ताकि मलेरिया के संभावित मामलों की पहचान की जा सके।
अधिकारियों और कर्मियों से सहयोग की अपील
कार्यक्रम की सफलता हेतु रणनीति तय की गई और सभी संबंधित अधिकारियों तथा स्वास्थ्य कर्मियों से सहयोग करने की अपील की गई।
मौके पर निगरानी निरीक्षक शंभू शंकर गोप, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक बाबूलाल हेंब्रम, बीडीएम नरेश गोप, बीईईओ तपन कुमार सतपति, बीपीओ निर्मल हेंब्रम, जेएसएलपीएस बीपीएम मरियम पूर्ति समेत कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : West Singhbhum: असंगठित मजदूरों के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित




















































