गम्हरिया : शंकरपुर की एक गर्भवती महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट, और दूसरी शादी की धमकी का गंभीर आरोप लगाते हुए गम्हरिया थाना में मामला दर्ज कराया है. महिला ने कहा है कि उसके पति ने अपनी मां के बहकावे में आकर शराब के नशे में मारपीट, गर्भपात कराने की धमकी, और दो लाख रुपये दहेज की अतिरिक्त मांग की है.
महिला की शादी 29 नवंबर 2023 को बोकारो के सुधाकर जोशी से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. उसने अपनी प्राथमिकी में बताया कि शादी के तुरंत बाद से ही ससुराल वालों ने मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया.
पति नियमित रूप से शराब के नशे में घर आकर मारपीट करता था. शादी के समय पांच लाख रुपये नकद, एक दोपहिया वाहन, और घरेलू सामान की मांग पूरी की गई थी, जिसे लड़की के मायके वालों ने कर्ज लेकर पूरा किया.
सास के बहकावे में आकर पति ने छोड़ा साथ
महिला के अनुसार, जब वह गर्भवती हुई, तो उसने अपने पति को यह जानकारी दी. पति ने शुरुआत में साथ देने का आश्वासन दिया, लेकिन एक जनवरी को सास सुमित्रा देवी के बहकावे में आकर उसे मायके में छोड़कर भाग गया. तब से वह अपने मायके में रह रही है.
अब पति और सास मिलकर गर्भपात करवाने और उसके पति की दूसरी शादी करवाने की योजना बना रहे हैं, ताकि दुबारा दहेज वसूला जा सके.
महिला ने अपनी प्राथमिकी में बोकारो के चंद्रपुरा निवासी पति सुधाकर जोशी, सास सुमित्रा देवी, ननद प्रिया मिश्रा, और उसके पति शंभूनाथ मिश्रा को नामजद किया है. उसने प्राण रक्षा और न्याय की गुहार लगाई है.
गम्हरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तथ्यों की जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें : Adityapur: दो दिनों से लापता अधेड़ का अपनी ही दुकान में फंदे से लटका मिला शव, बेटे से हुआ था विवाद
There is no ads to display, Please add some


















































