सरायकेला: श्रावण माह की चौथी सोमवारी और बंगला मास की चौथी सोमवारी पर श्रद्धालुओं ने सरायकेला की सुवर्णरेखा नदी में स्नान कर बोल बम के जयकारों के साथ बूढ़ा बाबा मंदिर की ओर पदयात्रा शुरू की। भक्तों का यह कारवां चांडिल बाजार, पत्थरडीह, रघुनाथपुर, आदरडीह, मालती, सामनगर, बलरामपुर और उरमा होते हुए बेड़ादा स्थित बूढ़ा बाबा मंदिर पहुंचेगा।
कांवरिया कुल 45 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे हैं। महिला, पुरुष और युवा – सभी भगवा वस्त्रों में, शिव भक्ति में डूबे हुए, “बोल बम” का जयघोष करते हुए एक लय में चल रहे हैं। मंदिर का पट रात 12 बजे के बाद खुलेगा, जिसके बाद कांवरिए भगवान महादेव का जलाभिषेक करेंगे।

श्रावण माह भगवान शिव को समर्पित होता है और इस दौरान उनकी पूजा-अर्चना का विशेष महत्व होता है। माना जाता है कि इस महीने की सोमवारी पर जल चढ़ाने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर यात्रा में शामिल होते हैं।
दलमा का बूढ़ा बाबा मंदिर और उरमा का बेड़ादा पातालेश्वर धाम दोनों ही इलाके के प्रसिद्ध शिव मंदिर हैं। इन मंदिरों में शिवभक्त दूर-दराज से आकर जलाभिषेक करते हैं। यहां की मान्यता है कि बाबा बूढ़ा देव हर भक्त की पुकार सुनते हैं।
इसे भी पढ़ें : Chandil: रेल ट्रैक पार करना मजबूरी – फुट ओवर ब्रिज की मांग, सांसद को सौंपा गया ज्ञापन
There is no ads to display, Please add some



















































