नई दिल्ली: आज मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए संसद भवन में मतदान जारी है। इस बार मुकाबला एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच है। दोनों ही उम्मीदवार दक्षिण भारत से आते हैं, इसलिए यह चुनाव और भी खास माना जा रहा है। अब तक कुल 96 प्रतिशत यानी 768 में से 762 सांसदों ने वोट डाल दिए।
एनडीए का दांव – सीपी राधाकृष्णन
सीपी राधाकृष्णन महाराष्ट्र के राज्यपाल रह चुके हैं और झारखंड व तेलंगाना में भी अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं और दो बार कोयंबटूर से लोकसभा चुनाव जीते। आरएसएस से महज 16 साल की उम्र में जुड़े राधाकृष्णन को भाजपा का दक्षिण भारत में मजबूत चेहरा माना जाता है।
इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी – बी. सुदर्शन रेड्डी
बी. सुदर्शन रेड्डी तेलंगाना से हैं और वे आंध्र प्रदेश, गुवाहाटी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जज रह चुके हैं। उन्हें 2007 में सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। बाद में वे गोवा के पहले लोकायुक्त भी बने, हालांकि सात महीने बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। विपक्ष उन्हें संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई का चेहरा बता रहा है।
मतगणना का गणित
वर्तमान में राज्यसभा में 238 और लोकसभा में 542 सांसद हैं। यानी कुल 780 सांसदों में से उपराष्ट्रपति बनने के लिए 391 वोटों की ज़रूरत है। एनडीए के पास 425 सांसदों का समर्थन है, ऐसे में उसकी स्थिति मज़बूत मानी जा रही है।
नेताओं के बयान
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट होकर लड़ रहा है और विपक्ष ने अंतरात्मा की आवाज पर वोट देने की अपील की है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दावा किया कि राधाकृष्णन बड़े अंतर से जीतेंगे।
रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा से सवाल किया कि अगर उपराष्ट्रपति चुनाव बैलेट पेपर से हो सकता है तो आम चुनाव क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि विपक्ष यह लड़ाई किसानों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ रहा है।
एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने विश्वास जताया कि एनडीए उम्मीदवार भारी मतों से जीतेंगे।
मतदान में शामिल प्रमुख चेहरे
राहुल गांधी, शशि थरूर, डिंपल यादव, एचडी देवेगौड़ा, जेपी नड्डा और कई केंद्रीय मंत्रियों ने संसद भवन पहुंचकर वोट डाला। अब नजर चुनाव परिणाम पर है। बताया जा रहा है कि नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के आवास पर एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Vice President Election: आज होगा उपराष्ट्रपति चुनाव, NDA उम्मीदवार C.P. राधाकृष्णन की बढ़त पक्की
There is no ads to display, Please add some



















































